नई दिल्ली में आकाशवाणी के रंग भवन सभागार में आज ब्रॉडकास्टिंग हाउस ने फोटो गैलरी स्वर प्रेरणा वीथिका का अनावरण किया। इस फोटो गैलरी का उद्घाटन पद्म विभूषण बांसुरीवादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया ने किया। इस गैलरी में विदुषी एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी, उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, पं. भीमसेन जोशी, पं. रविशंकर, लता मंगेशकर और डॉ. भूपेन हजारिका सहित भारत रत्न पुरस्कार विजेताओं के चित्र शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान, एक संगीत समारोह का आयोजन किया गया जिसमें पंडित रूपक कुलकर्णी द्वारा बांसुरी वादन प्रस्तुत किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी और आकाशवाणी व डीडी न्यूज़ के महानिदेशक राजीव कुमार जैन मौजूद थे। सभा को संबोधित करते हुए श्री द्विवेदी ने कहा कि भारत की समृद्ध संगीत विरासत को संरक्षित करने और उसे बढ़ावा देने में आकाशवाणी ने अहम भूमिका निभाई है। श्री द्विवेदी ने बताया कि आकाशवाणी अपने समर्पित चैनलों के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय संगीत, कर्नाटक संगीत, सुगम संगीत, लोक संगीत, भक्ति संगीत, फ़िल्मी संगीत, रवींद्र संगीत और संगीत की कई अन्य विधाओं के लिए मंच प्रदान कर रही है, जिससे भारत की सांस्कृतिक पहचान और एकता मजबूत हो रही है।