सितम्बर 6, 2026 8:58 पूर्वाह्न

printer

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या 1344 हुई, करीब पांच हजार लोग अब भी लापता

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों की संख्या 1344 हो गई है। इस घटना में 590 विदेशी नागरिकों सहित लगभग 5000 लोग अब भी लापता हैं। अब तक तेरह हजार एक सौ से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है। नुवाकोट जिले में 10 दिनों तक कीचड़ और मलबे के नीचे दबी एक 60 वर्षीय महिला को बचा लिया गया। मृतकों की पहचान के लिए कई मामलों में डीएनए परीक्षण का सहारा लिया जा रहा है। लोगों को अपने रिश्तेदारों की पहचान करने में सहायता के लिए 12270 अज्ञात शवों का विवरण नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया है। बचाव और राहत सामग्री वितरण, शव प्रबंधन और सड़क सफाई के लिए प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 7912 पुलिसकर्मी तैनात हैं।

26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास हिमस्खलन से आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल में व्यापक तबाही मचाई, जिससे घर, वाहन, सड़कें और पुल बह गए। भारत और चीन की टीमों की सहायता से कई पनबिजली परियोजनाओं में बचाव अभियान जारी है। प्रमुख नदियों में जलस्तर की भी बारीकी से निगरानी की जा रही है।