त्रिपुरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नीट-यूजी की पुनः परीक्षा सम्पन्न हुई। लगभग 4700 उम्मीदवार परीक्षा दिए। इनमें 4500 पश्चिम त्रिपुरा से और 200 ढलाई जिले से हैं। राज्य में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाये गए थे।
संवाददाताओं से बातचीत में पश्चिम त्रिपुरा के जिला मजिस्ट्रेट विशाल कुमार ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली सुचारू रूप से काम कर रही है और उम्मीदवार समय पर प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। जिला प्रशासन की टीमें केंद्रों की निगरानी कर रही थीं, जबकि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के प्रतिनिधि परीक्षा प्रक्रिया का पर्यवेक्षण कर रहे थे। सभी केंद्रों पर पीने का पानी और चिकित्सा सहायता जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
श्री कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान कोई शिकायत या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। इस बीच, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के कर्मियों, राज्य पुलिस और त्रिपुरा राज्य राइफल्स की तैनाती के साथ सुरक्षा को और मजबूत किया गया था। गहन तलाशी और मेटल डिटेक्टर जांच की गई। विशेष यातायात व्यवस्था ने उम्मीदवारों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित की।