महाराष्ट्र के भिवंडी शहर में कल देर रात चार मंजिला इमारत गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग, पुलिस और नगर निगम युद्धस्तर पर बचाव और राहत कार्य में लगे हैं। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने आज सुबह दुर्घटनास्थल का दौरा किया और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना में लोगों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संवाददाताओं को बताया कि स्थानीय नगर निगम ने इमारत को जर्जर घोषित किया था। उन्होंने कहा कि इमारत में मरम्मत कार्य चल रहा था। कुछ परिवारों ने इमारत पहले ही खाली कर दी थी, जबकि कुछ ने जाने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि मरम्मत करा रहे ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।