राष्ट्रीय राजधानी में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत अब तक 7 लाख 72 हजार से अधिक आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड बनाए जा चुके हैं। इनमें करीब 2 लाख 90 हजार कार्ड वय वंदना योजना के अंतर्गत जारी किए गए हैं।
इस योजना के अंतर्गत पात्र नागरिकों को 10 लाख रुपये तक का नकदी रहित स्वास्थ्य कवरेज मिल रहा है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 5 लाख और दिल्ली सरकार की ओर से अतिरिक्त 5 लाख रुपये की राशि शामिल है। इसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों और पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सेवा कवरेज का लाभ मिल रहा है। दिल्ली सरकार के अनुसार, इसके तहत अब तक 46 हजार 900 से अधिक मरीजों का इलाज किया जा चुका है। उपचार में अब तक 86 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक के क्लेम का निपटारा हुआ है। योजना के तहत राजधानी के 233 अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है, जिनमें 181 निजी और 52 सरकारी अस्पताल शामिल हैं।
वहीं, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने हीटवेव को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। लोक नायक अस्पताल में लू से प्रभावित मरीजों के लिए 14 विशेष बिस्तर और 70 बिस्तर का डिजास्टर वार्ड तैयार किया गया है। अस्पतालों में ओआरएस, कूलिंग पैड और आपात सेवाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य हर पात्र नागरिक तक सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।