मिजोरम, मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण एस.आई.आर. अभियान के अंतर्गत गणना प्रपत्रों का शत प्रतिशत डिजिटलीकरण करने वाले 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में पहला राज्य बन गया है। निर्वाचन आयोग ने इसके लिए कल तक की समय-सीमा तय की थी। मिजोरम ने ये उपलब्धि तय समय-सीमा से तीन दिन पहले ही हासिल कर ली है। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय ने बताया कि डिजिटलीकरण प्रक्रिया बृहस्पतिवार शाम पूरी हो गई थी। 30 मई से राज्य में 1301 बूथ स्तरीय अधिकारी गणना कार्य में लगे हैं।
वर्ष 2005 में हुए पिछले एस.आई.आर. के दौरान मिजोरम में 5.59 लाख से अधिक मतदाता थे। 2025 में यह संख्या बढ़कर 8.75 लाख से अधिक हो गई है। इनमें 4.23 लाख से अधिक पुरुष और 4.51 लाख से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि 46 हजार से अधिक गणना प्रपत्र एकत्र नहीं किए जा सके हैं। 21 हजार से अधिक मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 14 हजार से अधिक मतदाता स्थायी रूप से अपने मूल स्थानों से विस्थापित हो गए हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय ने यह भी बताया कि राज्य भर में 329 लोगों ने धार्मिक मान्यताओं के कारण मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज न कराने का विकल्प चुना है।