विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह चार दिन की यात्रा पर कल सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंचे। श्री सिंह की यह सऊदी अरब की पहली यात्रा है। वे सऊदी अरब के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्री, विदेश राज्यमंत्री और जलवायु, पर्यावरण, जल तथा कृषि उप-मंत्री से मुलाकात करेंगे। श्री सिंह सऊदी अरब में भारतीय मूल के लोगों, भारतीय व्यापार प्रमुखों, उद्यमियों तथा पेशेवरों से भी मिलेंगे। वे सऊदी में कार्यरत भारतीय कामगारों से भी बातचीत करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, श्री सिंह की इस यात्रा से दोनों देशों को मानव संसाधन, कौशल विकास, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय मामलों में आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा और दोनों देशों के बीच बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी मजबूत होगी।