कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने आज नई दिल्ली में समग्र आईटीआई परिवर्तन के लिए गठित रणनीतिक परामर्श और सुधार कार्यबल- सारथी की पहली बैठक की अध्यक्षता की। सारथी एक सहयोगात्मक मंच है जो देश के आईटीआई तंत्र में अगली पीढ़ी के सुधारों को गति देने के लिए केंद्र, राज्यों, उद्योग जगत और प्रमुख संस्थानों को एक साथ लाता है।
बैठक में श्री चौधरी ने कहा कि सारथी सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसके अंतर्गत व्यावसायिक शिक्षा को नए रूप में विकसित कर अधिक गतिशील और आकांक्षी आईटीआई तंत्र तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास सुधारों को उभरते क्षेत्रों, उद्योग की जरूरतों और विद्यार्थियों की आकांक्षाओं से जोड़ा जाना चाहिए। मंत्री ने कहा कि सरकार का ध्यान नीति को बड़े पैमाने पर लागू करने, साझेदारियों को मजबूत करने और हर युवा को उच्च गुणवत्ता वाली, भविष्य के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में मजबूत कौशल विकास तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।