वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। श्री सिंह ने यह बात कल गुजरात के कच्छ जिले के अंजार में वेलस्पन वर्ल्ड के विनिर्माण परिसर के दौरे के दौरान कही।
उन्होंने इस दौरान परिसर की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। श्री सिंह ने कताई से लेकर तौलिये और चादरें बनाने तक की पूरी विनिर्माण प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कंपनी की आधुनिक तकनीक, वैश्विक गुणवत्ता मानकों और एक ही परिसर में सभी विनिर्माण कार्यों की एकीकृत व्यवस्था की सराहना की।
श्री सिंह ने इस परिसर को हरियाली के बीच विनिर्माण केंद्र बताते हुए पर्यावरण अनुकूल उत्पादन, जल पुनर्चक्रण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए वेलस्पन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कच्छ जैसे शुष्क क्षेत्र में ये प्रयास विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं।
श्री सिंह ने परिसर में पौधारोपण भी किया और नागरिकों से पेड़ों की रक्षा तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारत का वस्त्र उद्योग टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल विनिर्माण के नए मानक स्थापित करते हुए वैश्विक स्तर पर अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है।