महाराष्ट्र में कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार विभाग ने दक्षिण कोरिया के शैक्षिक संस्थानों के साथ आज तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए। ये समझौते व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण निदेशालय तथा कोरिया पॉलिटेक्निक, महाराष्ट्र राज्य कौशल विकास सोसायटी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय आजीवन शिक्षा संस्थान तथा रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय और दक्षिण कोरिया के प्रतिष्ठित केएआईएसटी संस्थान के बीच हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कौशल विकास के क्षेत्र में दक्षिण कोरिया के साथ महाराष्ट्र की साझेदारी से राज्य के युवाओं के लिए वैश्विक अवसर सृजित होंगे। उन्नत प्रौद्योगिकी और विश्व स्तरीय प्रशिक्षण से भारत के कुशल कार्यबल को और मजबूती मिलेगी। श्री फडणवीस ने कहा कि इस सहयोग से कोरिया की उन्नत प्रौद्योगिकी और विशेषज्ञता का लाभ भारतीय छात्रों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी बुनियादी औद्योगिक कौशल से लेकर उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण में सहायक होगी।