महाराष्ट्र में कल दोपहर पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम के मोशी स्थित कचरा डंपिंग स्थान पर हुई दुर्घटना के बाद युद्धस्तर पर बचाव अभियान जारी है। इस दुर्घटना में कचरे का ढेर एक आवासीय इमारत पर गिर गया।
अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित इमारत में लगभग 23 लोग फंसे हुए थे। घटना के तुरंत बाद पांच लोग खुद ही बाहर निकलने में कामयाब रहे। इसके बाद, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल-एनडीआरएफ, भारतीय सेना, दमकल सेवा, पुलिस और अन्य एजेंसियों की संयुक्त बचाव टीमों ने नौ और लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। इसके साथ ही अब तक कुल 14 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि शेष फंसे हुए लोगों की तलाश जारी है।
भारतीय सेना की दक्षिणी कमान की इंजीनियरिंग और चिकित्सा टीमें बचाव कार्यों में सहायता कर रही हैं।