जून 27, 2026 9:15 अपराह्न | Raigad Fort

printer

रायगढ़ किले में शिवाजी महाराज के 353वें राज्याभिषेक वर्षगांठ का पारंपरिक आयोजन

महाराष्‍ट्र के रायगढ़ किले में आज हिंदू चंद्र पंचांग-तिथि के अनुसार छत्रपति शिवाजी महाराज के 353वें राज्याभिषेक वर्षगांठ को पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इससे पहले यह वर्षगांठ ग्रेगोरियन पंचांग के अनुसार छह जून को मनाई जाती थी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरित है। उन्‍होंने ऐतिहासिक किले के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्धता को दोहराया।

इस अवसर पर श्री शिंदे ने घोषणा की कि राज्य सरकार रायगढ़ किले में पानी की कमी को स्थायी रूप से दूर करने के लिए जिला कलेक्टर द्वारा प्रस्तावित गुरुत्वाकर्षण आधारित जल आपूर्ति योजना को तत्काल मंजूरी देगी। श्री शिंदे ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी नीतियां महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के छत्रपति शिवाजी महाराज के दृष्टिकोण को दर्शाती हैं। उन्‍होंने कहा कि मुख्यमंत्री मांझी लड़की बहन योजना बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।

मानसून में देरी का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया कि अपर्याप्त वर्षा या सूखे की स्थिति में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि खाद्य आपूर्तिकर्ता होने के नाते किसानों का राज्य के संसाधनों पर सर्वोपरि अधिकार है।

श्री शिंदे ने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार महाराष्ट्र के रायगढ़ सहित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्राप्त 12 ऐतिहासिक किलों के संरक्षण और संवर्धन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी, ताकि उनके संरक्षण और वैश्विक मान्यता को बढ़ाया जा सके।