मध्य प्रदेश के देवास जिले की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर स्थित पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और पूरा इलाका धुएं से भर गया। देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मुताबिक हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई है। कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
फैक्ट्री में काम करने वाले ज्यादातर मजदूर बिहार के अररिया जिले के बताए जा रहे हैं। फैक्ट्री में भारी मात्रा में बारूद और तैयार पटाखे रखे थे, जिससे आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर ऋतुराज सिंह मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे को हृदय विदारक बताया है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को निःशुल्क इलाज देने की घोषणा की है।