अगस्त 12, 2026 8:41 अपराह्न | Landslide in Mumbai chawl;

printer

मुंबई के चॉल में भूस्खलन, सात लोगों की मौत; अन्य सात घायल

मुंबई में आज सुबह घाटकोपर पश्चिम के चिराग नगर स्थित एक चॉल में भूस्खलन होने से सात लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। यह घटना सुबह लगभग 3 बजकर 48 मिनट पर हुई, जब एक छोटी पहाड़ी से मिट्टी और मलबा चॉल के दो से तीन कमरों पर गिर गया।

    भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य चलाया गया, जिसमें बृहन्मुंबई नगर निगम, दमकल विभाग, पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया के लगभग 50 कर्मी शामिल थे। घायलों का इलाज कुर्ला भाभा अस्पताल और राजावाड़ी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

    मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा किया और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

    नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मानसून से पहले ही संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क किया गया था और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई थी।