उत्तरी कर्नाटक के यादगीर जिले के कडेचुर-बडियाल औद्योगिक क्षेत्र में आज सुबह रासायनिक रिसाव के कारण तीन श्रमिकों की दम घुटने से मौत हो गई। रिसाव के संपर्क में आए दो श्रमिकों को रायचूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यादगीर जिले के उपायुक्त राहुल तुकाराम पांडवे ने बताया कि फार्मास्युटिकल रसायन बनाने वाले संयंत्र में पाइप रिसाव से सल्फर ऑक्साइड के कारण ये मौत हुईं। मृतक श्रमिक मध्य प्रदेश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के थे। उन्होंने बताया कि संयंत्र के मालिकों और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल और कोई रिसाव नहीं है। रिसाव के कारणों और सुरक्षा उपायों का पता लगाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और फोरेंसिक टीमों को तैनात किया जाएगा।