मई 28, 2026 9:44 अपराह्न

printer

कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री सिद्धरमैया ने त्‍यागपत्र दिया; कहा राज्‍य की सक्रिय राजनीति में बने रहेंगे

 कर्नाटक के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे सिद्धारमैया ने आज बेंगलुरु में राज्यपाल कार्यालय में अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ बैठक के बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्‍तीफे के बाद संवाददाताओं से बातचीत में डी. के. शिवकुमार का नाम लिए बिना उन्होंने राज्यपाल से राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए नामित व्यक्ति को आमंत्रित करने का अनुरोध किया। फिलहाल राज्यपाल दौरे पर हैं और वह वापस लौटकर ही सिद्धारमैया के इस्तीफे पर निर्णय लेंगे।
 
श्री सिद्धारमैया ने बताया कि पार्टी ने उन्हें राज्यसभा सीट की पेशकश की थी, जिसे उन्होंने विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया है। राष्ट्रीय स्‍तर की राजनीति में रुचि न होने की बात कहते हुए निवर्तमान मुख्यमंत्री ने कहा कि वे राज्य की जनता के लिए काम करना जारी रखेंगे।
 
कांग्रेस की विधानसभा चुनावों में जीत के बाद सिद्धारमैया मई 2023 में दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने थे। इससे पहले वे 2013 से 2018 तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वे राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले व्यक्ति हैं, उन्‍होंने दो कार्यकालों में कुल आठ वर्ष पूरे किए। वे मुख्यमंत्री और उससे पहले वित्त मंत्री के रूप में 17 बार राज्य का बजट प्रस्तुत करने के लिए भी जाने जाते हैं। उनके इस्तीफे के साथ ही राज्य में चल रहा लंबा सत्ता संघर्ष समाप्त हो गया है।
 
डी. के. शिवकुमार, कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और वर्तमान में उपमुख्‍यमंत्री हैं। 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत में उन्‍होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।