जम्मू-कश्मीर में कल शुरू होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी ज़रूरी इंतज़ाम कर लिए गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू ने घोषणा की है कि इस टीकाकरण अभियान के अंतर्गत केंद्र शासित प्रदेश में पांच वर्ष तक के लगभग 19 लाख बच्चों को पल्स पोलियो वैक्सीन दी जाएगी। जम्मू ज़िले में, पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन देने के लिए लगभग 12 सौ टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। अधिकारियों ने माता-पिता से बच्चों को वैक्सीन दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ओरल पोलियो वैक्सीन सुरक्षित है और इसे तब भी दिया जाना चाहिए जब बच्चे को पहले इसकी खुराक मिल चुकी हो। स्वास्थ्य टीमें चिन्हित इलाकों में घर-घर जाकर भी टीकाकरण करेंगी।
News On AIR | जून 27, 2026 8:18 अपराह्न | Polio Immunisation Campaign
जम्मू-कश्मीर में 19 लाख बच्चों को पोलियो वैक्सीन देने की तैयारी