अप्रैल 20, 2026 5:18 अपराह्न | Udhampur

printer

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना, 21 की मौत, 29 घायल

जम्मू-कश्मीर में उधमपुर जिले में आज एक यात्री बस के पहाड़ी से गिरने से 21 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए।

राम नगर क्षेत्र के कागोर्त गांव के पास यह दुर्घटना हुई। बस में 50 यात्री सवार थे, इनमें से अधिकांश रामनगर से उधमपुर जा रहे थे। कई लोगों को घटनास्थल से अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जम्मू के जीएमसी अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और अन्य मंत्रियों ने इस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दुर्घटना के पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल सहायता की घोषणा की। प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 25-25 हजार रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।