जम्मू-कश्मीर में, सांबा और राजौरी ज़िलों में कई इलाकों में सुरक्षा बलों ने आज तलाश अभियान शुरू किया। यह कार्रवाई रात भर संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद की गई। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सेना के सतर्क जवानों ने सांबा ज़िले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास नंदपुर और राजौरी ज़िले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास तरकुंडी-साज में ड्रोन की गतिविधि देखी। दोनों इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। सेना ने पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से सुबह होते ही तलाश अभियान शुरू किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संदिग्ध ड्रोन से कोई नशीला पदार्थ या हथियार तो नहीं गिराया गया है। अब तक कोई चीज़ बरामद होने या किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है। इन क्षेत्रों में कई बार संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों, विशेषकर सांबा और कठुआ ज़िलों में निगरानी बढ़ा दी है और ड्रोन-रोधी उपाय तेज़ कर दिए हैं।
पूल/1340