भारत में इस्राएल के राजदूत रूवेन अज़ार ने कहा है कि दोनों देशों के बीच एक विशेष और अनूठा संबंध है। भारत और इस्राएल की द्विपक्षीय साझेदारी सभ्यताओं के लचीलेपन, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, लोकतांत्रिक मानदंड, नवाचार, धार्मिक सहिष्णुता और समावेशी विकास जैसे छह मूल मूल्यों पर आधारित है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश में रूवेन अज़ार ने कहा कि भारत और इस्राएल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं तथा दुनिया भर में बढ़ते आंतकवाद से मुकाबला जारी रखेंगे।
भारत को विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बताते हुए श्री अज़ार ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और उद्यमशीलता की भावना दोनों समाजों में गहराई से समाहित है तथा यह आपसी संबंधों को और मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि भारत और इस्राएल अधिक प्रतिस्पर्धी, समृद्ध और भविष्य के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।