ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आई आर जी सी) ने कहा है कि उन्होंने आज सुबह अमरीकी सेना द्वारा देश के दक्षिणी हिस्से पर किए गए हालिया हमलों के जवाब में एक अमरीकी अड्डे पर हमला किया है। आई आर जी सी ने कहा कि बंदर अब्बास हवाई अड्डे के बाहरी इलाके में हुए अमरीकी हमलों का स्रोत अमरीका की वायु सेना ही थी। उसने कहा कि तेहरान की यह नवीनतम कार्रवाई अमरीका के लिए एक गंभीर चेतावनी है और उसकी आक्रामकता का जवाब जरूर दिया जाएगा। यह घटना बुधवार रात को अमरीका द्वारा ईरान के सैन्य ठिकाने को निशाना बनाकर किए गए नए हमलों के बाद हुई है, जिसे अमरीका ने अपनी सेना के लिए खतरा बताया था।
अमरीका की सेंट्रल कमांड ने पुष्टि की कि उसकी सेना ने चार ईरानी ड्रोन को मार गिराया। ईरान जब पांचवें ड्रोन हमले की तैयारी कर रहा था तब अमरीकी सेना ने बंदर अब्बास स्थित ईरानी ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन को निशाना बनाया। ईरान की मीडिया ने शहर के पूर्व में धमाकों की सूचना दी, हालांकि ईरान के अधिकारियों ने कहा कि हमलों में कोई नुकसान या हताहत नहीं हुआ।
ये हमले सैन्य झड़पों की एक श्रृंखला में नवीनतम कड़ी हैं। इन हमलों ने दोनों देशों के बीच नाजुक संघर्षविराम को तनावपूर्ण बना दिया है। वहीं तीन महीने से चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत जारी है। इस संघर्ष ने होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले जहाजों को बुरी तरह से बाधित कर दिया है और वैश्विक ऊर्जा कीमतों को बढ़ा दिया है।