अक्टूबर 16, 2026 10:07 अपराह्न

printer

पीएम-सेतु योजना के तहत लगभग 1194 करोड़ रुपये की निवेश योजनाओं को मंजूरी

पीएम-सेतु की राष्ट्रीय संचालन समिति -एन.एस.सी. की छठी बैठक में आज महाराष्ट्र, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर के पांच औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान -आई.टी.आई. क्लस्टरों के लिए लगभग 1194 करोड़ रुपये की निवेश योजनाओं को मंजूरी दी गई। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय-एमएसडीई ने बताया कि नवीनतम स्वीकृतियों के साथ आईआईटी के उन्‍नयन के जरिए प्रधानमंत्री कौशल और उद्यमिता परिवर्तन- पीएम-सेतु के अंतर्गत स्वीकृत कुल निवेश 3687 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। बैठक में एमएसडीई सचिव देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि इसके माध्‍यम से आईटीआई को मजबूत और आधुनिक बनाने, प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार करने और उद्योग की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की प्रगति उत्साहजनक है और यह क्षेत्र के युवाओं के लिए कौशल विकास को मजबूत करने और अवसरों का विस्तार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सुश्री मुखर्जी ने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार करने और युवाओं को ऐसे कौशल से समृद्ध करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है जो बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान कर सकें।