केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो- सीबीआई भोपाल में मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत की जांच करेगा। ट्विशा 12 मई को कटारा हिल्स स्थित अपने घर में मृत पाई गई थीं। मध्य प्रदेश गृह विभाग ने जांच सीबीआई को स्थानांतरित करने की अधिसूचना जारी की है। पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज और मौत की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। गिरिबाला सिंह सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं। उन्हें अदालत से अग्रिम जमानत मिल गयी है।
ट्विशा के परिवार का दावा है कि उनकी हत्या की गई है। हालांकि, ससुराल वालों का कहना है कि उसने आत्महत्या की है। 20 मई को ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने उन्हें सीबीआई जांच का आश्वासन दिया था।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी से सात दिन के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने आज ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। यह पोस्टमार्टम एम्स, नई दिल्ली के डॉक्टरों द्वारा किया जाएगा।
इस बीच, ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने उच्च न्यायालय से जमानत याचिका वापस ले ली है। अब वह जांच अधिकारी या निचली अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर सकते हैं।
उच्च न्यायालय ने ट्विशा की सास और पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को भी नोटिस जारी किया है। अदालत ने उनसे दहेज हत्या मामले में उन्हें मिली अग्रिम जमानत को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर जवाब मांगा है।
राज्य सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका व्यक्त करते हुए जल्द सुनवाई की अपील की है। अगली सुनवाई 25 मई को दोपहर ढाई बजे बजे होगी।