मध्य प्रदेश से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर से संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी के लिए पहली सीधी उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह मानना रहा है कि आम आदमी भी हवाई यात्रा कर सके। राज्य की विमानन नीति इसी विचार पर आधारित है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए प्रति उड़ान 15 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देगी। इससे टिकट की कीमतें कम करने में मदद मिलेगी।
डॉ. यादव ने बताया कि पहले किराया लगभग 24 से 25 हजार रुपये प्रति सीट था। अब यह घटकर 12 से 15 हजार रुपये हो गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह उड़ान सप्ताह में चार दिन संचालित होगी। इंदौर से अबू धाबी की यात्रा अब मात्र तीन घंटे 15 मिनट में पूरी हो जाएगी। पहले यात्रियों को दिल्ली या मुंबई होते हुए यात्रा करनी पड़ती थी, जिसमें सात से आठ घंटे लगते थे।