अगस्त 25, 2026 7:17 पूर्वाह्न

printer

अमरीका ने ईरान पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की

अमरीका ने ईरान पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। अमरीका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि नए प्रतिबंधों का उद्देश्य ईरान के राजस्व के सभी संभावित स्रोतों को रोकना है। उन्होंने अन्य देशों को ईरान के साथ आर्थिक संबंध न तोड़ने पर जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी। व‍ित्‍त मंत्री ने कहा कि संघर्ष के अस्पष्ट क्षेत्रों में काम करना अब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने किसी भी ऐसे देश का नाम नहीं लिया जिस पर प्रतिबंध लग सकते हैं। श्री बेसेंट ने कहा कि अमरीका के रूख को लेकर कोई अस्पष्टता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईरान के हत्यारे शासन के साथ किसी भी प्रकार का आर्थिक संबंध रखने वाले लोगों को अमरीका की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बघेर ग़ालिबफ़ ने इस चेतावनी पर प्रतिक्रि‍या देते हुए कहा कि अमरीका अन्य देशों के साथ ईरान के व्यापारिक संबंधों को तोड़ने की स्थिति में नहीं है। ग़ालिबफ़ ने कहा कि अमरीका के लोग जानते हैं कि कोई भी उनकी धमकियों पर विश्वास नहीं करता। सोशल मीडिया पोस्‍ट में ग़ालिबफ़ ने कहा कि ईरान के व्यापारिक साझेदारों ने स्पष्ट किया है कि वे इन टिप्पणियों को कोई महत्व नहीं देते हैं।