विदेश मंत्रालय ने बताया है कि नेपाल के बाढ़ प्रभावित त्रिशुली बाजार क्षेत्र से पांच वर्षीय बच्चे सहित तीन और भारतीय नागरिकों को बचा लिया गया है। इससे शरणार्थियों की कुल संख्या 169 हो गई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कल नई दिल्ली में संवाददाताओं को भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 275 भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि एक हजार 907 भारतीय चीन से सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास भारतीय शरणार्थियों को हवाई मार्ग से वापस लाने में सहायता कर रहा है। श्री जायसवाल ने कहा कि तिब्बती स्वायत्त क्षेत्र में कोई भी भारतीय यात्री फंसा हुआ नहीं है। प्रवक्ता ने बताया कि 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद से भारत ने नेपाल को लगभग 95 टन राहत सामग्री भेजी है। उन्होंने कहा कि भारत, नेपाल सरकार की आवश्यकताओं के अनुसार सहायता जारी रखेगा।
इस बीच, नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर एक हजार 344 हो गई है। नेपाल पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 843 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 758 वयस्क और 85 बच्चे शामिल हैं। आपातकालीन टीमों ने 12 हजार से अधिक लोगों को बचाया है। खोज और बचाव अभियान जारी है। लगभग 5 हजार लोग अभी भी लापता हैं।