सितम्बर 7, 2026 6:31 पूर्वाह्न

printer

दिल्ली: सत्य निकेतन इलाके में बहुमंजिला इमारत ढहने से 6 लोगों की मौत, सीएम रेखा गुप्ता ने दिए जांच के आदेश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत ढहने की घटना की न्‍यायिक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने इमारत के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं।
 
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार यह फैसला घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लेने और हादसे के प्रारंभिक आकलन के बाद लिया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के द्वारा बताया गया है कि इस गंभीर घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसकी पूरी जवाबदेही तय की जाएगी और कानून के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 
इस बीच, कल देर रात एक और शव मिलने के बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। टीमें मलबा हटाने और किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका में तलाश कर रही हैं। एनडीआरएफ, अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें घटनास्‍थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली पुलिस आयुक्त और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल-एनडीआरएफ के महानिदेशक से बात कर घटनास्‍थल की स्थिति का जायजा लिया। श्री शाह ने कहा कि घायलों को सभी जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
 
यह इमारत पेइंग गेस्ट आवास के रूप में इस्तेमाल की जा रही थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कल दोपहर करीब डेढ़ बजे इमारत ढहने के समय उसके बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था।
 
दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा है कि चार से अधिक मंजिल वाली सभी अवैध निर्माण वाली इमारतों को तत्काल सील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी, जिसमें तत्काल बर्खास्तगी भी शामिल है।
 
दिल्ली विश्वविद्यालय का श्री वेंकटेश्वर कॉलेज आज इमारत हादसे के मद्देनजर बंद रहेगा। कॉलेज ने बताया कि सत्य निकेतन इलाके में छात्रों के बीच असुरक्षा की भावना और कई पीजी बंद होने के कारण, अस्थायी व्यवस्था के अंतर्गत छात्रों को कॉलेज की कक्षाओं में ठहराया जा रहा है।
 
आर्यभट्ट कॉलेज ने भी इमारत हादसे के मद्देनजर आज शिक्षण कार्य स्थगित कर दिया है। हादसे से प्रभावित छात्रों के लिए कॉलेज को अस्थायी आश्रय स्थल में बदल दिया गया है। हालांकि, इस मुश्किल समय में छात्रों को जरूरी सहायता और सहयोग देने के लिए शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारी कॉलेज में उपलब्ध रहेंगे।