सितम्बर 7, 2026 6:36 पूर्वाह्न

printer

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तीन दिन की यूएई यात्रा पर दुबई पहुंचे

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल संयुक्त अरब अमीरात  के तीन दिन की यात्रा पर दुबई पहुंचे। वे दुबई में वार्षिक निवेश बैठक कांग्रेस में भाग लेंगे और निवेशकों के समक्ष मध्य प्रदेश को एक आकर्षक निवेश स्‍थल के रूप में प्रस्तुत करेंगे। यात्रा का लक्ष्य रसद, खनन, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र और कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित सभी क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करना है।
 
श्री यादव ने कहा कि मध्‍य प्रदेश में 900 से अधिक पुराने कानूनों को निरस्त कर दिया गया है, जिससे प्रक्रियाएं सरल बने और नीतियां तेजी से लागू की जा सकें।  
 
डॉ. मोहन यादव ने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यामाही से मुलाकात की और उन्हें और अरब संसद के सदस्यों को अगले वर्ष की शुरुआत में राज्य द्वारा आयोजित वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन में भाग लेने और निवेश करने के लिए आमंत्रित किया।
 
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश की ‘एक जिला एक उत्पाद’ पहल को प्रदर्शित करने वाली एक विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। 
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अर्थव्यवस्था विभिन्न जिलों के उत्पादों की मजबूत नींव पर टिकी होती है और मध्य प्रदेश में स्थानीय उत्पादों की एक विस्तृत विविधता उपलब्ध है।
 
श्री यादव ने नीति निर्माताओं, निवेशकों, यूनिकॉर्न संस्थापकों और उद्यमियों के एक विशिष्ट सम्मेलन “टाइकून्स बाय एआईएम कांग्रेस” में भी भाग लिया।
 
डॉ. मोहन यादव आज से बुधवार तक दुबई में आयोजित एआईएम कांग्रेस में मध्य प्रदेश प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। मुख्यमंत्री आज इस आयोजन में मध्य प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे और निवेश सत्र को संबोधित करेंगे। वे दुबई और शारजाह में प्रमुख व्यापारिक समूहों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे और वैश्विक निवेशकों के समक्ष मध्य प्रदेश की औद्योगिक और पर्यटन क्षमता को प्रस्तुत करेंगे।