भारत और बांग्लादेश ने सीमा पर शांति, अमन-चैन और स्थिरता बनाए रखने के संकल्प को दोहराया है। सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के बीच महानिदेशक स्तर की 57वीं सीमा समन्वय कॉन्फ्रेंस 8 से 11 जून तक नई दिल्ली में बीएसएफ मुख्यालय में आयोजित की गई। इस कॉन्फ्रेंस ने सीमा पर मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने और सीमा सुरक्षा व सीमा प्रबंधन से जुड़े आपसी चिंता के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। कॉन्फ्रेंस के दौरान आपसी तालमेल वाली गश्त को और मजबूत करने, निगरानी बढ़ाने, वास्तविक समय में जानकारी साझा करने में सुधार और सीमा-पार आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ संयुक्त प्रयासों को तेज करने पर सहमति बनी। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने किया और बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महानिदेशक मेजर जनरल मोहम्मद अशरफुज्जमान सिद्दीकी ने किया।
दोनों देशों ने विश्वास व्यक्त किया कि कॉन्फ्रेंस लिए गए निर्णय और समझ द्विपक्षीय सहयोग को और बढ़ाएगी तथा प्रभावी सीमा प्रबंधन और भारत-बांग्लादेश के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों में महत्वपूर्ण योगदान देगी। महानिदेशक स्तर की अगली कॉन्फ्रेंस इस वर्ष नवंबर में आपसी सहमति से ढाका में आयोजित करने का प्रस्ताव है।