अगस्त 5, 2026 10:33 पूर्वाह्न

printer

असम में लगातार तेज बारिश जारी, कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त

असम में लगातार तेज बारिश जारी है और इससे राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ब्रह्मपुत्र और उसकी कई सहायक नदियां अनेक स्थानों पर खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। रंगनदी, धनसिरी, दिखौ और बुरहिदिहिंग नदियां भी खतरे के निशान के निकट हैं और उनका जलस्तर बढ़ रहा है।

मौसम विभाग ने असम के लगभग सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और अगले 24 घंटों में पूरे राज्य में भारी बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार अभी शिवसागर, धेमाजी, गोलाघाट, चराइदेव और कामरूप महानगरपालिका सहित 10 जिले बाढ़ की चपेट में हैं।  बाढ़ से संबंधित घटनाओं में कल दो और व्‍यक्‍ति‍यों की मौत हो गई। इससे राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 89 हो गई है।

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा बाढ़ का जायजा लेने के लिए ऊपरी असम के पांच दिन के दौरे पर हैं। उन्‍होंने कल शिवसागर में एक राहत शिविर का दौरा किया। कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और बाढ़ की चपेट में आये शिक्षण संस्थानों की स्थिति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ में जान गंवाने वाले 10 लोगों के परिजनों को एकमुश्त वित्तीय सहायता के रूप में 5 लाख रुपये के चेक सौंपे। उन्होंने प्रभावित लोगों को आश्वासन दिया कि असम सरकार बाढ़ से प्रभावित प्रत्‍येक परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार उनके पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए हर संभव मदद देगी।