दिल्ली नगर निगम के हिंदू राव अस्पताल में आज अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों, आधुनिक स्वास्थ्य अवसंरचना और उन्नत उपचार सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। अस्पताल में उन्नत आपातकालीन विभाग, धर्मशाला और फिजियोथेरेपी ब्लॉक, इंटीग्रेटेड ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर, नेत्र रोग विभाग में स्थापित अत्याधुनिक उपकरण सहित अनेक स्वास्थ्य सुविधाओं का शुभारंभ किया गया। इनमें से कुछ सुविधाओं और उपकरणों का भौतिक रूप से उद्घाटन किया गया, जबकि कुछ का वर्चुअली लोकार्पण किया गया। वर्ष 2001 में प्रारंभ हुए डीएनबी (राष्ट्रीय बोर्ड के डिप्लोमाधारी) कार्यक्रम की शैक्षणिक उत्कृष्टता के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष समारोह का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि चिकित्सक समाज में भगवान के बाद सबसे महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। श्रीवाही ने कहा कि आज यहां स्थापित अत्याधुनिक मशीनें इस बात का प्रमाण हैं कि निगम के अस्पताल अब निजी अस्पतालों के समकक्ष खड़े हैं और वही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आम नागरिकों को निःशुल्क उपलब्ध करा रहे हैं।
वहीं, स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा ने कहा कि अस्पताल निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है और यहां के चिकित्सकों की विशेषज्ञता, आधुनिक मशीनें तथा सुदृढ़ आधारभूत ढांचा हजारों मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करा रहा है।