दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के दक्षिणी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग नौ करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भारत-नेपाल सीमा से चरस लाकर दिल्ली में व्हाट्सऐप के जरिए ऑर्डर लेकर इसकी सप्लाई करते थे। भुगतान डिजिटल बैंकिंग माध्यमों से लिया जाता था। पहचान छिपाने के लिए आरोपी हर लेनदेन के बाद चैट और कॉल रिकॉर्ड हटा देते थे तथा डिलीवरी के लिए ऑटो-रिक्शा और बाइक टैक्सी का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस अब वित्तीय लेनदेन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।