गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले सरगना नवप्रीत सिंह को तुर्कीए से भारत लाने पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि नवप्रीत सिंह, नवाब विर्क के नाम से तुर्कीए की नागरिकता प्राप्त करके अफगानिस्तान से भारत में हेरोइन और मेथम्फेटामाइन की तस्करी करता रहा।
श्री शाह ने कहा कि एजेंसियों ने उसकी असली पहचान उजागर करने के लिए हर संभव प्रयास किए और उसे निर्वासित करवाया। उन्होंने कहा कि आज नशीले पदार्थों की तस्करी के सरगना को भारत वापस लाया गया है और उस पर नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य अपराधों से जुड़े मामलों में सलाखों के पीछे डाल दिया गया है। इस सफलता के लिए सभी एजेंसियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार दिसंबर 2029 से पहले हर नशीले पदार्थों के गिरोह को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।