जुलाई 28, 2026 2:02 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट, दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा में आज अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कल तक तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर भारत, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, कोंकण, गोवा, गुजरात, पश्चिम बंगाल और विदर्भ के कुछ हिस्सों में अगले दो दिन तक तेज बारिश जारी रहने का अनुमान है।

विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, कर्नाटक, केरल, माहे और ओडिशा में आज बिजली कडकने की संभावना है। राजस्थान, जम्मू और कश्मीर, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी कल तक इसी तरह का मौसम रह सकता है।

इस बीच, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज तेज बारिश हो रही है। विभाग के अनुसार, कई हिस्सों में शाम तक हल्की बारिश रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने केरलम के उत्तरी जिलों में तेज बारिश होने की संभावना व्‍यक्‍त की है। केरलम के छह जिलों एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तरी भागों में शुक्रवार तक तेज बारिश जारी रहेगी।

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में भी बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की है। विभाग ने आने वाले दिनों में कुछ स्‍थानों पर मूसलाधार बारिश होने, बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 जुलाई तक कश्मीर संभाग में रुक-रुक कर हल्की बारिश की संभावना है।