मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो से तीन दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में कल लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में भी कल लू चलने का अनुमान है। अगले दो दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्कल में गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान व्यक्त किया है। वहीं, ओडिशा में कल रात गर्म रहने की संभावना है। इसके अलावा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कल धूल भरी आंधी आने की संभावना है।
कल उत्तर पूर्वी भारत, बिहार, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के कुछ हिस्सों में तेज बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में ओलावृष्टि के साथ तेज वर्षा की संभावना है। कल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा दक्षिण कर्नाटक के आंतरिक भाग में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बादल गरजने की आशंका है।
मौसम विभाग ने कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान व्यक्त किया है।