मई 16, 2026 9:02 अपराह्न

printer

गुजरात: गृह मंत्री अमित शाह ने नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। अहमदाबाद और गांधीनगर में उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकों में नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालय में श्री शाह ने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने सरखेज-गांधीनगर कॉरिडोर के आधुनिकीकरण और घाटलोडिया, गोटा, चांदलोडिया तथा थलतेज क्षेत्रों में झीलों को जोड़ने की परियोजनाओं को तेज़ी से पूरा करने के निर्देश दिए।

गृह मंत्री ने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के सत्तर नवनिर्वाचित पार्षदों से भी मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर जन समस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

इससे पहले श्री शाह ने अखंडानंद और सस्तु साहित्य मुद्रणालय ट्रस्ट के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने गांधीनगर जिले की मानसा नगरपालिका में विकास कार्यों में तेजी लाने तथा पुराने अस्पताल के मरम्मत और आधुनिकीकरण के निर्देश भी दिए। साथ ही सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने पर बल दिया।

श्री शाह ने कहा कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा में पूरे होने चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं और जनकल्याण का लाभ मिल सके।