शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने कल नई दिल्ली में साकुरा साइंस प्रोग्राम 2026 में हिस्सा लेने जा रहे विद्यार्थियों के एक समूह को रवाना किया। शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सरकारी स्कूलों से 24 बालक और 32 बालिकाओं सहित कुल 56 विद्यार्थी इस महीने की 30 तारीख तक जापान की यात्रा पर रहेंगे। इस समूह में असम, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के विद्यार्थी शामिल किए गए हैं।
भारत के अलावा घाना, नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका के प्रतिभागी भी इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहा हैं। मंत्रालय ने बताया कि ये सभी प्रतिभागी सरकार की राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्राप्तकर्ता हैं। भारत अप्रैल 2016 से इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि जापान की विज्ञान और प्रौद्योगिकी एजेंसी 2014 से जापान एशिया युवा विज्ञान विनिमय कार्यक्रम का संचालन कर रही है। इसे साकुरा विज्ञान कार्यक्रम के नाम से भी जाना जाता है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को एक सप्ताह के लिए जापान आमंत्रित किया जाता है ताकि वे देश के उन्नत विज्ञान और प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर सकें।