अक्टूबर 2, 2026 5:57 अपराह्न

printer

गोवा: आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्रदान करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन

गोवा सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पोंडा में आत्मनिर्भरता, कृषि और महिला सशक्तिकरण की योजनाओं की जानकारी देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विद्युत राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक और मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत उपस्थित रहे।

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गोवा में लगभग 6 हजार लखपति दीदियों को आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सहायता प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं की आय में वृद्धि करना है।

श्री चौहान ने कुशावती जिले में गोवा का तीसरा कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने के लिए उन्‍हें आवश्यक सहायता प्रदान करेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार नारियल उत्पादन बढ़ाने के लिए नए पौधे रोपने जैसे अतिरिक्त प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि पर्यटन और खनन के लिए प्रसिद्ध गोवा अब विविध प्रकार के उत्‍कृष्‍ट कृषि उत्पादों के उत्पादन करने वाले राज्य के रूप में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि गोवा में लगभग 52 हजार किसान विभिन्न फसलों की खेती में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये वितरित किए गए।

कार्यक्रम में गोवा फ्रेश ब्रांड का शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य गोवा के किसानों के कृषि उत्पादों को बढ़ावा देना है। किसान उत्पादक संगठनों के लिए नीति जारी की गई और लाभार्थियों को कृषि सब्सिडी वितरित की गई।

कृषि विभाग और राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम शुरू किया गया। इस अवसर पर लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया और स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई। गुलाबी इलेक्ट्रिक रिक्शा के लिए अनुमोदन आदेश वितरित किए गए।

सिंचाई के लिए किसानों को पेट्रोल से चलने वाले वॉटर पंप वितरित किए गए। दुधारू किसानों को दवाइयां और खनिज मिश्रण किट प्रदान किए गए। कार्यक्रम में स्वयंपूर्ण मित्रों और ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया गया।