जून 20, 2026 6:28 अपराह्न

printer

एवियन इन्फ्लूएंजा-एच-5एन1 वायरस के किसी भी संभावित प्रसार के लिए पूरी तरह तैयार: न्यूज़ीलैंड

न्यूज़ीलैंड ने कहा है कि वह अत्यधिक खतरनाक एवियन इन्फ्लूएंजा-एच-5एन1 वायरस के किसी भी संभावित प्रसार के लिए पूरी तरह तैयार है। यह वायरस पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में एक जंगली समुद्री पक्षी में पाया गया है।

न्यूज़ीलैंड के बायोसिक्योरिटी और खाद्य सुरक्षा मंत्री ने कहा कि कई सरकारी एजेंसियों ने बीमारी के फैलने के जोखिम को कम करने के लिए निगरानी और तैयारी के उपाय बढ़ा दिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में एक प्रवासी समुद्री पक्षी में इस वायरस की मौजूदगी की पुष्टि की है। पोल्ट्री में कोई मामला सामने नहीं आया है और न ही बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हुई है।

इस बीच, एक दर्जन से ज़्यादा पक्षियों और जानवरों में एवियन इन्फ्लूएंजा पाये जाने के कारण नेपाल के केंद्रीय चिडियाघर को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। चिडियाघर के अधिकारियों ने कहा कि आगंतुकों और आम जनता की सेहत और सुरक्षा के लिए यह कदम ज़रूरी था।

एच-5 एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा-बर्ड फ्लू वायरस का एक सब-टाइप है जो मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है। यह वायरस इंसानों को भी संक्रमित कर सकता है। इंसानों में संक्रमण हल्के लक्षणों से लेकर गंभीर बीमारी तक हो सकता है और यह जानलेवा भी हो सकता है। आम लक्षणों में सांस लेने में दिक्कत, कंजंक्टिवाइटिस और सांस से संबंधित न होने वाले अन्य लक्षण भी इसमें शामिल हैं।