भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने छह महीने तक के बच्चों के आहार में सुक्रोज और फ्रक्टोज मिलाने पर रोक लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए प्राधिकरण ने शिशु आहार से जुड़े नियमों में बदलाव का मसौदा जारी किया है।
इस प्रस्ताव का उद्देश्य बच्चों को सही पोषण देना और उनके स्वस्थ विकास को बढ़ावा देना है। कम उम्र में अतिरिक्त चीनी के सेवन से मोटापे और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इस मसौदे पर लोगों और संबंधित पक्षों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। इसके लिए 60 दिन का समय दिया गया है। मिले हुए सुझावों पर विचार करने के बाद प्राधिकरण इन नियमों को अंतिम रूप देगा।