देशभर में 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा – नीट के तहत दिल्ली में परीक्षा देनेवाले परीक्षार्थी डीटीसी की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए परीक्षार्थियों को केवल अपना वैध नीट एडमिट कार्ड बस कंडक्टर को दिखाना होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हाल ही में नीट परीक्षा के रद्द होने के कारण अनेक परीक्षार्थियों को दोबारा नीट परीक्षा देनी पड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि परीक्षार्थियों को उनकी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान हरसंभव सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सभी नीट अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परीक्षा उनके परिश्रम, समर्पण और सपनों को नई दिशा देने का अवसर है। उन्होंने परीक्षार्थियों से आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने का आग्रह किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।