पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने आज नई दिल्ली में ‘अपनापन- नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ नामक पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखी गई है।
इस अवसर पर श्री नायडू ने कहा कि सभी को, विशेषकर उभरते हुए राजनेताओं को, इस पुस्तक को अवश्य पढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी राज्यों के नेताओं से भी इस पुस्तक को पढ़ने और यह समझने का आग्रह किया कि कैसे दो मुख्यमंत्रियों ने राज्यों के विभिन्न मुद्दों को सुलझाने के लिए मिलकर काम किया।
श्री देवेगौड़ा ने कहा कि यह पुस्तक एक सामान्य राजनीतिक जीवनी नहीं है, बल्कि यह दर्शाती है कि श्री मोदी और श्री शिवराज ने जनता के कल्याण के लिए कैसे मिलकर काम किया। उन्होंने पुस्तक के लिए श्री चौहान को बधाई भी दी।
इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके दशकों के अनुभव पर आधारित है। एकता यात्रा के दौरान श्री मोदी के साथ अपने अनुभव को याद करते हुए श्री चौहान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराकर श्री मोदी ने देश के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दिखाई। जब श्री मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब के अपने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने अपने-अपने राज्यों के नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में काम किया।
इस अवसर पर मनोहर लाल, डॉ. मनसुख मांडविया, गिरिराज सिंह, सी आर पाटिल सहित कई केंद्रीय मंत्री, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, दिल्ली सरकार के मंत्री और कई सांसद उपस्थित थे।