असम में बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई है। राज्य भर में लगातार बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। ताज़ा खबरों के अनुसार राज्य के 16 ज़िले प्रभावित हुए हैं। इनमें जोरहाट, चराइदेव, डिब्रूगढ़, शिवसागर, धेमाजी, तिनसुकिया और गोलाघाट शामिल हैं। कुल 45 राजस्व सर्कल और 794 गाँव पानी में डूबे हुए हैं। इससे तीन लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। 19 हज़ार हेक्टेयर से अधिक खेती वाली ज़मीन पानी के नीचे है। बाढ़ के कारण कल पाँच मौतें हुईं। इससे राज्य में बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या 10 हो गई है। इसी दिन दो लोगों के लापता होने की भी खबर है।
शिवसागर जिले में एक लाख 57 हजार से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। चराइदेव में 1.04 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। जोरहाट में लगभग 51 हज़ार लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं। कुल मिलाकर, 101 राहत शिविर और वितरण केंद्र खोले गए हैं। इनमें 9,600 से अधिक लोगों को आश्रय दिया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, सेना और अन्य एजेंसियों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से 6,700 से अधिक लोगों को बचाया है।
बाढ़ के पानी और कटाव के कारण कई सड़कों, तटबंधों और अन्य बुनियादी ढाँचों को भी नुकसान पहुँचा है। इस बीच शहरी इलाकों में बाढ़ से जोरहाट, कामरूप और कामरूप मेट्रोपॉलिटन ज़िलों के कुछ हिस्से प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में लगभग 7,800 लोग प्रभावित हुए हैं।