जुलाई 14, 2026 6:10 पूर्वाह्न

printer

असम के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति; आज और कल तेज बारिश का अनुमान

असम के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने आज और कल राज्य के कई जिलों में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार छह जिले शिवसागर, लखीमपुर, दरांग, सोनितपुर, धेमाजी और जोरहाट बाढ़ से प्रभावित हैं। दस राजस्व परिक्षेत्रों और 61 गांवों में 9 हजार 500 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

कामरूप जिले के शहरी क्षेत्रों में भी बाढ़ की सूचना मिली है। गुवाहाटी और शिवसागर के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ के कारण वाहनों का आवागमन बाधित हो गया है।

स्थानीय अधिकारियों ने प्रभावित निवासियों को राहत प्रदान करने के लिए जल निकासी के उपाय शुरू कर दिए हैं।