जुलाई 28, 2026 1:06 अपराह्न

printer

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, प्रभावित जिलों की संख्या घटकर 6 हुई

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है और प्रभावित जिलों की संख्या घटकर छह रह गई है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, शिवसागर, गोलाघाट, चराइदेव, जोरहाट, नागांव और कामरूप महानगरपालिका जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

21 राजस्व सर्किलों के अंतर्गत आने वाले 631 गांवों में कुल 4 लाख 45 हजार 495 लोग प्रभावित हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बाढ़ का पानी कम होने के साथ ही अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्स्थापन कार्य जारी रखे हुए हैं।

प्रशासन के सहयोग से लोग सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर जिले में सामान्य स्थिति बहाल करने  में लगे हुए हैं। दारिका और दिखो नदियों का बाढ़ का पानी ऐतिहासिक शिवसागर शहर से उतर चुका है।

हालांकि, शहर के 10 बाढ़ प्रभावित वार्डों से अभी भी पानी पूरी तरह से नहीं निकला है। शिवसागर के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। साथ ही, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की सहायता से आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण पूरी गति से चल रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज असम के सांसदों से मुलाकात की और राज्य के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट पर यह जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों की सहायता के लिए असम सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने सभी की सुरक्षा की कामना भी की।