जुलाई 14, 2026 6:16 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम बंगाल में बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ने वाली नाव पलटी, नौ मछुआरों की मौत, छह लापता

पश्चिम बंगाल में मछली पकड़ने वाली एक नाव बंगाल की खाड़ी में पलट गई। इसमें नौ मछुआरों की मौत की हो गई है और छह अन्य अभी भी लापता हैं।

यह नाव 2 जुलाई को शंकरपुर समुद्री बंदरगाह से 15 मछुआरों के साथ रवाना हुई थी। 5 जुलाई से नाव से संपर्क टूट गया था। तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना और राज्य एजेंसियों के संयुक्त तलाशी अभियान में रविवार को बंगाल की खाड़ी में पलटी हुई नाव का पता लगाया गया। नाव के केबिन से नौ  शव बरामद किए गए। छह लोग अभी भी लापता हैं। शवों को दक्षिण 24 परगना जिले के सीतारामपुर लाया गया है और पहचान के लिए काटापुकुर शवग्रह में रखा गया है। डीएनए मिलान के लिए परिवार के सदस्यों से रक्त के नमूने एकत्र किए गए हैं।

राज्य सरकार के मत्स्य मंत्री राजेश महतो ने कहा कि राज्य सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ है और आश्वासन दिया कि डीएनए पहचान और कानूनी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो – दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50- 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।