सितम्बर 16, 2026 9:09 अपराह्न

printer

पीएम-यशस्वी योजना के तहत 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता जारी जारी की गई है: केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार

केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने आज कहा कि पिछले 11 वर्षों में पीएम-यशस्वी योजना के विभिन्न घटकों के अंतर्गत 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता जारी की गई है। पीएम-यशस्वी योजना में प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्तियां, ओबीसी लड़कों और लड़कियों के लिए छात्रावासों का निर्माण और विद्यालय तथा महाविद्यालय स्तर पर उच्च स्तरीय शिक्षा पहल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना से देशभर में एक हजार लाख से अधिक छात्रों और लाभार्थियों को सहायता मिली है। डॉ. कुमार ने कहा कि वर्ष 2022-23 से लागू ‘विद्यालयों में उच्च स्तरीय शिक्षा’ घटक के अंतर्गत देश भर के चिन्हित शीर्ष विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी अन्य पिछड़ा वर्ग-ओबीसी, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग-ईबीसी और विमुक्‍त, खानाबदोश और अर्ध-खानाबदोश जनजातियों के छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि ‘विद्यालयों में उच्च स्तरीय शिक्षा’ के अंतर्गत इस पहल से 45 हजार से अधिक छात्रों को लाभ मिला है। डॉ. कुमार ने कहा कि ‘महाविद्यालयों में उच्च स्तरीय शिक्षा’ घटक के अंतर्गत 37 हजार से अधिक छात्रों को लाभ मिला है।