सितम्बर 11, 2026 1:57 अपराह्न

printer

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में ब्राजील के विदेश मंत्री का स्वागत किया

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले ब्राजील के विदेश मंत्री माउरु विएइरा का स्वागत किया। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। इस दौरान व्यापार और निवेश, रक्षा, ऊर्जा, कृषि और अंतरिक्ष के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श हुआ।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र, जी-20 और अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन के माध्यम से बहुपक्षीय सहयोग पर भी चर्चा हुई। दोनों मंत्रियों ने मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति पर विचार साझा किए।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन सदस्य देशों के बीच संवाद और कूटनीति को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण है।

डॉ. जयशंकर ने उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेत्किन से भी मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार, संपर्क और संस्कृति सहित द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर सार्थक बातचीत हुई। डॉ. जयशंकर ने सेलैक (CELAC) और मर्कोसर (MERCOSUR) के साथ साझेदारी को मजबूत करने में उरुग्वे के समर्थन की सराहना की। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल होने के लिए उरुग्वे का अनुसमर्थन दस्तावेज भी प्राप्त किया।