नवम्बर 21, 2026 8:35 पूर्वाह्न

printer

आज नई दिल्ली में बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा-चामोवा के साथ वार्ता करेंगे विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर आज नई दिल्ली में बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा-चामोवा के साथ वार्ता करेंगे। सुश्री पेत्रोवा ने कल राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। बैठक के दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के लागू होने से भारत और बुल्गारिया के बीच व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में साझेदारी के नए अवसर खुलेंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और बुल्गारिया के बीच व्यापार और निवेश, रक्षा, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष, आवागमन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने भारत को बुल्गारिया के निरंतर समर्थन और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार सहित बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों के बीच सहयोग की सराहना की। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि बुल्गारिया की विदेश मंत्री की इस यात्रा से भारत-बुल्गारिया साझेदारी को नई गति मिलेगी।

   सुश्री पेट्रोवा-चामोवा ने वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और व्यापार, निवेश तथा आर्थिक सहयोग सहित आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। बुल्गारिया की विदेश मंत्री तीन दिन की भारत यात्रा पर हैं।