राजस्व खुफिया निदेशालय-डी आर आई ने केरलम में समन्वित मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया है और भारी मात्रा में मादक पदार्थ तथा मनोरोगी पदार्थ जब्त किए हैं। वित्त मंत्रालय ने बताया है कि चक्रव्यूह अभियान के तहत कोच्चि, मलप्पुरम और तिरुवनंतपुरम से चलाए गए इन अभियानों में चौबीस किलोग्राम से अधिक ऐसे पदार्थ जब्त किए गए हैं। मेथक्वालोन, मेथम्फेटामाइन और हशीश का तेल सहित जब्त किए गए इन पदार्थों का अवैध वितरण और तस्करी की जानी थी। मंत्रालय ने बताया कि तस्करी नेटवर्क में शामिल प्रमुख गुर्गों सहित पांच व्यक्तियों को मादक पदार्थ और मनोरोगी पदार्थ अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
पिछले वित्त वर्ष के दौरान, डीआरआई की कोचीन क्षेत्रीय इकाई ने केरल में सत्तर करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और मनोरोगी पदार्थ जब्त किए और इक्कीस व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। मंत्रालय ने कहा कि मादक पदार्थों के खतरे से समाज की रक्षा करने और नशामुक्त भारत के लक्ष्य में योगदान देने के लिए डीआरआई अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग है।